ऋषिकेश,23 नवंबर (आरएनएस)। लच्छीवाला क्षेत्र स्थित मिक्सिंग प्लांट से रॉ मैटेरियल लेकर निकलने वाले ट्रकों की लापरवाही से मार्ग पर लगातार खतरा बना हुआ है। ट्रकों से रेडीमेड मिक्सिंग कंक्रीट और गिट्टी सड़क पर गिरने से लच्छीवाला पुल पर फिसलन पैदा हो गई है, जिसके कारण बीते दिनों कई दोपहिया चालक फिसलकर घायल हो चुके हैं। सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश कोठारी ने बताया कि ट्रकों में रॉ मैटेरियल ओवरलोड होने के साथ ही उन्हें ठीक से कवर नहीं किया जाता। इससे पुल और आसपास के मार्ग पर कंक्रीट व गिट्टी गिरकर फैल जाती है। सुबह और शाम के समय पुल से गुजरने वाले वाहनों की संख्या अधिक होती है, जिससे फिसलन के कारण दुर्घटनाओं का जोखिम और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने कहा कि कई बार हादसे होने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ट्रकों की लोडिंग की जांच हो, मार्ग की नियमित सफाई कराई जाए और मिक्सिंग प्लांट पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा सर्वोपरि है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। पालिकाध्यक्ष नरेंद्र नेगी ने कहा कि पुल और आसपास के क्षेत्र की सफाई के लिए टीम भेजी जाएगी। मिक्सिंग प्लांट के मार्केटिंग मैनेजर रितेश कुमार नेहरा ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और पुल की सफाई तुरंत कराई जाएगी। ताकि किसी को दिक्कत न हो।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

