कोटद्वार,23 नवंबर (आरएनएस)। श्री सिद्धबली मंदिर समिति की ओर से श्री सिद्धबली मंदिर धाम में आगामी पांच दिसंबर से तीन दिवसीय श्री सिद्धबली बाबा वार्षिक अनुष्ठान महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। पहले दिन नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। रविवार को मंदिर समिति अध्यक्ष डॉ. जेपी ध्यानी व महोत्सव समिति महासचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन पांच दिसंबर को सुबह 5:00 बजे पिंडी महाभिषेक, सुबह 7:00 बजे मंदिर प्रक्रिया के बाद एकादश कुंडीय यज्ञ होगा। सुबह 8:00 बजे सिद्धों के डांडा की यात्रा होगी। अपराह्न 3:00 बजे से नगर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। सिद्धबली मंदिर से शुरू होकर शोभायात्रा देवी मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। पहले दिन की मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण होंगी। दूसरे दिन छह दिसंबर को सुबह 5:00 बजे पिंडी महाभिषेक, सुबह 7:00 बजे एकादश कुंडीय यज्ञ होगा। सुबह 11:00 बजे से गढ़वाली भजन संध्या में भजन एवं लोकगायक मंगलेश डंगवाल भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शारदा पीठ के जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी राज राजेश्वर व भारत माता मंदिर हरिद्वार के महामंडलेश्वर ललितानंद महाराज होंगे। तीसरे व अंतिम दिन सात दिसंबर को सुबह 5:00 बजे पिंडी महाभिषेक व सुबह 7:00 बजे एकादश कुंडीय यज्ञ होगा। सुबह 10:00 बजे से गढ़वाली जागर व दोपहर 12:00 बजे सिद्धबाबा में सवामन रोट प्रसाद चढ़ाने के बाद प्रसाद वितरण होगा। दोपहर 1:00 बजे से हिंदी भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक लखवीर सिंह लक्खा भजनों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निरंजनी अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद महाराज होंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

