दुर्ग, 23 नवम्बर (आरएनएस)। जेवरा सिरसा क्षेत्र के भटगांव गांव में शनिवार को बिजली लाइन मरम्मत के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। कार्य के दौरान अचानक पोल में करंट दौड़ जाने से एक बिजलीकर्मी की मौत हो गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना में जान गंवाने वाले कर्मचारी की पहचान संतोष ठाकुर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक मरम्मत से पहले पावर हाउस से सप्लाई बंद की गई थी और निर्धारित टीम के साथ मेंटेनेंस चल रहा था। इसी दौरान अचानक पोल पर तेज करंट आने से संतोष बुरी तरह झुलस गया। हादसे की खबर गांव में फैलते ही परिजन और ग्रामीण गुस्से में आ गए। लोगों ने मुआवजे की मांग करते हुए सड़क पर बैठने और चक्का जाम करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर स्थिति को काबू में किया, जिसके बाद मार्ग बहाल हो सका। डीएसपी दुर्ग अलेक्जेंडर किरो ने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों का परीक्षण किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने बिजली विभाग की सुरक्षा मानकों और एहतियाती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

