रायपुर, 23 नवम्बर (आरएनएस)। राजधानी में रविवार शाम आसमान में दिखाई दिया अनोखा नजारा चर्चा का विषय बन गया। शहर के कई इलाकों में लोगों ने आकाश में चमकते बिंदुओं की लंबी श्रंखला को एकसाथ आगे बढ़ते देखा, जो कुछ देर बाद धीरे-धीरे ओझल हो गई। अचानक दिखाई दी इस रोशनी ने बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी का ध्यान खींच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चमकदार कतार बिल्कुल ट्रेन के डिब्बों जैसी प्रतीत हो रही थी। उत्सुक लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो और तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दीं। इसके बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं—किसी ने इसे स्नह्र से जोड़ा, तो किसी ने इसे बाहरी ग्रहों से जुड़ी गतिविधि माना। बाद में विशेषज्ञों द्वारा स्पष्ट किया गया कि आसमान में दिखाई दी यह रोशनी किसी रहस्यमयी घटना का नहीं, बल्कि एलन मस्क की स्टारलिंक परियोजना के सैटेलाइट्स का परिणाम था। स्पेसएक्स द्वारा संचालित यह तकनीक दुनिया भर में हाई-स्पीड इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराने के लिए हजारों सैटेलाइट अंतरिक्ष में तैनात कर रही है। सूर्य की रोशनी इनके सतह पर पडऩे पर वे धरती से चमकदार कतार के रूप में दिखाई देते हैं। वैज्ञानिकों ने बताया कि ऐसी दृश्यावली पूरी तरह सामान्य है और इससे पहले देश के अन्य राज्यों—जैसे पंजाब और जम्मू—में भी इसी तरह की चमक दिखाई दे चुकी है। रायपुर में यह दृश्य न सिर्फ उत्सुकता का कारण बना, बल्कि लोगों में अंतरिक्ष तकनीक को लेकर समझ और जिज्ञासा भी बढ़ा गया।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

