जगदलपुर, 23 नवम्बर (आरएनएस)। बस्तर पुलिस ने ड्रग तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता दर्ज करते हुए बोधघाट थाना क्षेत्र में 10 किलो से अधिक गांजा और हशीश से तैयार नशीला तेल जब्त किया है। बरामद हाई-कंसंट्रेशन ऑयल की अनुमानित अंतरराज्यीय कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ओडिशा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जो इसे छत्तीसगढ़ की सीमा से होते हुए हैदराबाद, मुंबई और पुणे तक सप्लाई करने की योजना में थे। यह बस्तर पुलिस की इस वर्ष की सबसे बड़ी ड्रग्स जब्ती मानी जा रही है। मुखबिर से मिली सूचना पर रेलवे साइडिंग क्षेत्र के पास नाकाबंदी की गई और ओडी 30 डी 6588 नंबर की बाइक को रोककर जांच की गई। बाइक सवार युवकों की पहचान कोरापुट जिले के सीताराम कुलदीप (35) और रामचंद्र माड़ी (21) के रूप में हुई। तलाशी में बैग व कंटेनरों से नशीला तेल मिला, जिसकी गुणवत्ता जांच में प्रीमियम श्रेणी का ड्रग होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हैदराबाद में इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं, लेकिन अतिरिक्त कमाई के लिए मलकानगिरी–कोरापुट क्षेत्र से नशीला तेल लाकर बड़े शहरों में पहुंचाते थे। पुलिस को शक है कि इनके पीछे बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जिसके संपर्क, मोबाइल डेटा और लेनदेन की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बस्तर आईजी और एसपी ने कार्रवाई में शामिल टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह ड्रग सप्लाई चेन को कमजोर करने की दिशा में अहम कदम है। पुलिस के अनुसार बस्तर–ओडिशा सीमा क्षेत्र लंबे समय से ड्रग ट्रांसपोर्ट का संवेदनशील मार्ग रहा है। इस पूरी कार्रवाई के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी, गश्त और इंटेलिजेंस तंत्र मजबूत करने के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों की पहचान व गिरफ्तारी संभव है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

