पहले दिन धीमी शुरुआत के बाद किसी ने नहीं सोचा था कि फरहान अख्तर की 120 बहादुर दूसरे दिन जोरदार वापसी करेगी। फिल्म ने न सिर्फ दोगुनी कमाई की, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर खुद से आगे चल रही मस्ती 4 को टक्कर देकर देते हुए पीछे छोड़ दिया। एक तरफ जहां मस्ती 4 की रफ्तार थम गई है, वहीं 120 बहादुर ने साबित कर दिया कि दर्शकों की पसंद कौन है।दूसरे दिन किस फिल्म ने कितनी कमाई की, आइए जानें।
मस्ती 4 साल 2004 में आई सुपरहिट फिल्म मस्ती का चौथा भाग है, जिसके निर्देशक मिलाप जावेरी हैं। पहली मस्ती ब्लॉकबस्टर थी और उसका दूसरा भाग भी बॉक्स ऑफिस पर सफल रहा था। इसी वजह से मस्ती 4 को लेकर दर्शकों में पहले दिन अच्छी-खासा उत्साह देखने को मिला। भले ही कम अंतर दिखा, लेकिन पहले दिन मस्ती 4 ने 120 बहादुर को पीछे छोड़ दिया था, लेकिन जैसे ही दूसरे दिन की कमाई आई, पूरा खेल बदल गया।
सैकनिल्क के मुताबिक, 120 बहादुर ने दूसरे दिन 4 करोड़ कमाए, जबकि पहले दिन आंकड़ा 2.25 करोड़ रुपये था। इस तरह फिल्म ने 2 दिन में 6.25 करोड़ का कारोबार कर लिया है। हालांकि, फिल्म का बजट करीब 100 करोड़ रुपये है। ऐसे में मौजूदा कलेक्शन इस रकम के मुकाबले काफी कम है, इसलिए फिल्म को आगे मुनाफे में पहुंचने के लिए अपनी कमाई की रफ्तार को कई गुना बढ़ाना होगा, तभी यह लागत निकालकर फायदे की ओर बढ़ पाएगी।
मस्ती 4 में विवेक ओबेरॉय, रितेश देशमुख और आफताब शिवदासानी की तिकड़ी भले ही लौट आई हो, लेकिन फिल्म उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही है। पहले दिन के 2.75 करोड़ के ठंडी कमाई के बाद दूसरे दिन भी आंकड़ा ज्यों का त्यों रहा। न बढ़त, न गिरावट। दो दिनों में कुल कमाई सिर्फ 5.50 करोड़ रुपये हुई है, जबकि फिल्म का बजट करीब 80 करोड़ रुपये है। ऐसे में मस्ती 4 के लिए सिनेमाघरों में टिके रहना आसान नहीं।
120 बहादुर के पास अभी 28 नवंबर तक का खुला मैदान है, क्योंकि तब तक कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हो रही, लेकिन 28 नवंबर आते ही मुकाबला कड़ा हो जाएगा। एक तरफ धनुष और कृति सैनन की तेरे इश्क में तो दूसरी तरफ गुस्ताख इश्क टक्कर के लिए तैयार हैं। फिर 5 दिसंबर को रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर आएगी। ऐसे में आने वाले हफ्तों में 120 बहादुर के लिए बॉक्स ऑफिस की लड़ाई और मुश्किल हो सकती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

