बिलासपुर 24 नवंबर 2025(आरएनएस) नगर में जहाँ तहाँ बीच-बीच में बीच मुख्य सड़कों पर बिजली के खंभों पर लगे केबल व तारों के मकड़जाल बिजली व्यवस्था का मुंह चिढ़ा रहे हैं। कोर्ट के आदेश के बाद कुछ दिनों तक तारों को व्यवस्थित किया गया है, लेकिन दोबारा शहर की सड़कों पर एक बार फिर केबल और तार दिखाई देने लगे है। बिजली के ढीले तार, उलझे हुए तारों के कारण आए दिन शॉर्ट सर्किट और आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। कुछ दिनों में शहर के कई हिस्सों जैसे महाराणा प्रताप चौक, लिंक रोड, व्यापार विहार, मंगला, मसानगंज, जूनी लाइन, तालापारा, जूना बिलासपुर और सरकंडा क्षेत्र में तारों के जाल दिखाई दें रहे हैं। इसके चलते शॉर्ट सर्किट की घटनाएं सामने आती हैं। ज्यादातर खंबों में लैंड लाइन, टीवी केबल, फाइबर केबल के जाल हैं। वहीं पुराने और जर्जर तारों का भी उचित प्रबंधन नहीं किया गया है। कुछ माह पहले कोर्ट के निर्देश के बाद बिजली अधिकारियों ने केबल हटाया था, लेकिन एक बार फिर शहर की सड़कों पर केबल व तारों के जाल दिखने लगे है।
ठोस योजना नहीं
जानकारों के मुताबिक कुछ साल पहले स्मार्ट सिटी के तहत सड़कों पर फैले तारों के जालों को व्यवस्थित करने की योजना बनाई गई थी लेकिन यह ठंडे बस्ते में जा चुकी है। भूमिगत केबलिंग जैसी योजनाएं भी केवल प्रस्तावों तक सिमटी हुई है। जिन इलाकों में स्मार्ट सिटी के तहत सड़क बनाई गई है, वहां भी तारों के जाल दिखाई दे रहे हैं। विभागीय स्तर पर भी इन तारों को सुव्यवस्थित करने या किसी तरह का सुधार कार्य करने की कोई ठोस योजना नहीं बन पाई है। गर्मी के दिनों में शॉर्ट सर्किट से हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

