बिलासपुर 24 नवंबर 2025(आरएनएस) नेशनल हाइवे में खड़े ट्रेलर से डीजल चोरी करते स्कार्पियो सवार दो युवकों को ट्रेलर के ड्राइवरों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा है। पुलिस ने गाड़ी जब्त कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।रतनपुर थाना प्रभारी कमलेश बंजारे ने बताया, परसदा निवासी सुरेन्द्र कैवर्त रात में नेशनल हाइवे – खैरखंडी में सड़क किनारे ट्रेलर खड़े कर सो गए थे। वहीं आसपास अन्य भारी वाहन खड़े हुए थे। देर रात स्कार्पियो से दो युवक आए और उनके ट्रेलर की टंकी का लाक तोड़कर पाइप डालकर डीजल चोरी करने लगे। इसी दौरान गाड़ी में सो रहे ड्राइवर को भनक लग गई। उसने अन्य गाड़ियों के ड्राइवरों के साथ मिलकर डीजल चोरी करते परसदा निवासी विजय कुमार केंवट, शनि कुमार केंवट को पकड़ लिया। उनकी स्कार्पियो क्रमांक सीजी 13 सी, 9327 में खाली डीजल के डिब्बे रखे हुए थे। उनके पास से 20 लीटर चोरी का डीजल मिला है। ड्राइवरों ने चोरी के डीजल, गाड़ी सहित दोनों युवकों को रतनपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।पुलिस ने डीजल सहित गाड़ी जब्त कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

