जांजगीर-चांपा, 24 नवम्बर 2025(आरएनएस ) कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक लेकर जिले के प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी शासकीय कार्यालयों में बायोमैट्रिक आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली लागू की जाएगी। इसके लिए उपकरण स्थापना, नेटवर्क कनेक्टिविटी और आधार प्रमाणीकरण प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा करने निर्देश दिए गए। जिला मुख्यालय के साथ सभी विकासखंड, तहसील, जनपद पंचायत, नगर पालिका और नगर पंचायत कार्यालयों में बायोमैट्रिक मशीनें अनिवार्य रूप से लगाने कहा गया।
कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संचालित करने कहा। सभी नोडल अधिकारियों को खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण, सतत मॉनिटरिंग और साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। खरीदी केंद्रों में पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, तुलाई मशीन सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने कहा गया, ताकि किसानों को तौल, टोकन और भुगतान में किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने राजस्व प्रकरणों की समयबद्ध समीक्षा कर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने और सभी विभागों को अनिवार्य रूप से जीएसटी पंजीयन पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर देते हुए कलेक्टर ने बैंकर्स और वेंडरों की बैठक लेकर अस्वीकृत लोन मामलों का समाधान कराने कहा। जनपद और नगरीय निकाय क्षेत्रों में शिविर लगाकर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से लाभान्वित करने निर्देश दिए। उन्होंने सभी हितग्राही योजनाओं में लाभार्थियों का ई-केवाईसी नियमित रूप से अद्यतन कराने के लिए विभागों को अभियान चलाने कहा।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य शिविरों को सक्रिय रूप से आयोजित करने और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने निर्देश दिए। शिविरों में सामान्य जांच, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। उन्होंने जल संरक्षण और संचय से संबंधित कार्यों को तेजी देने तथा सरकारी भवनों, स्कूलों और पंचायत भवनों में अनिवार्य रूप से रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं स्थापित करने कहा। फिकल स्लज प्लांट को शीघ्र शुरू कर इसके महत्व की जनजागरूकता बढ़ाने भी निर्देशित किया।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण, पोषण ट्रैकर, प्रधानमंत्री आवास योजना, मातृत्व वंदन योजना, ई-ऑफिस और लंबित समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

