बालोद, 25 नवंबर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बीमार पुलिस उप-निरीक्षक का तंत्र-मंत्र से इलाज कराने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। मामला डौंडी थाना क्षेत्र का है।
प्रार्थीया धनेश्वरी ठाकुर (ग्राम खैरवाही) ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके लकवाग्रस्त पति का इलाज कराने के नाम पर तांत्रिकों ने करीब 2 लाख रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के अनुसार, एक महिला तिखुर बेचने के बहाने उनके घर पहुंची और दावा किया कि वह एक बैगा को जानती है, जो पूजा-पाठ से बीमारी ठीक कर सकता है। बाद में दो महिलाएं और एक पुरुष उनके घर आए और पूजा का नाटक रचकर नारियल, दिया, अगरबत्ती रखने को कहा।
पूजा के दौरान आरोपियों ने कहा कि जब तक पैसे और जेवर पूजा में नहीं रखे जाएंगे, तब तक इलाज सफल नहीं होगा। उनके बहकावे में आकर महिला ने घर में रखे 1,67,000 रुपये, सोने-चांदी के गहने (मंगलसूत्र, पायल आदि) पूजा स्थल पर रख दिए। इसके बाद आरोपी सामान लौटाने का भरोसा देकर वहां से फरार हो गए।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 480/2025 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शक के आधार पर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने ठगी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों से 92,000 रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल फोन जब्त कर लिए। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
1. रवि नेताम, पति नरेश नेताम, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरी मनेरीपारा, थाना पुरूर, जिला बालोद
2. रीना नेताम, पिता जयमल मंडावी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरी मनेरीपारा, हाल पुरूर (आनंदपुर राइस मिल के पास), जिला बालोद
3. पदमा मंडावी, पति जयमल मंडावी, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरी मनेरीपारा, थाना पुरूर, जिला बालोद
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

