रायपुर, 25 नवंबर (आरएनएस)। नई दिल्ली में सोमवार से छत्तीसगढ़ सरकार का महत्वाकांक्षी ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्टÓ कार्यक्रम शुरू हो गया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं उपस्थित रहे और उन्होंने देश के विभिन्न सेक्टरों से आए उद्योग प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की शुरुआत की।

सम्मेलन में स्टील, पर्यटन सहित कई प्रमुख क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियों के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए हैं। सरकार का मकसद है—निवेशकों के सामने राज्य की नई औद्योगिक नीति, बढ़ते औद्योगिक अवसरों और निवेश–हितैषी वातावरण का विस्तार से परिचय कराना।
मुख्यमंत्री साय निवेशकों के साथ सीधे संवाद कर रहे हैं और उन्हें छत्तीसगढ़ में उद्योग स्थापना के लिए उपलब्ध सुविधाओं, पारदर्शी नीतियों, मजबूत होते इंफ्रास्ट्रक्चर और सरल–समयबद्ध अनुमोदन प्रक्रिया के बारे में बता रहे हैं।
सरकार का दावा है कि यह आयोजन आने वाले वर्षों में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
००००

