सक्ती, 25 नवंबर (आरएनएस)। जिले में सोमवार देर रात एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां पांच युवकों का गिरोह फर्जी आबकारी पुलिस बनकर छापा मारने पहुंचा। ग्रामीणों की सूझबूझ से चार आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना शक्ति थाना क्षेत्र के परसदा खुर्द गांव की है।
जानकारी के अनुसार रात में पांच युवक एक ग्रामीण के घर पहुंचे। इनमें से एक युवक ने पुलिस जैसी वर्दी पहन रखी थी, जिस पर आबकारी और पुलिस के मोनो लगे थे, जबकि बाकी युवक साधारण कपड़ों में थे। उन्होंने खुद को आबकारी विभाग का अधिकारी बताते हुए ग्रामीण को जेल भेजने की धमकी दी और 30 हजार रुपये की मांग कर डाली।
ग्रामीणों को उनकी गतिविधियों पर शक हुआ तो आसपास के लोगों ने चार युवकों को घेरकर पकड़ा और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। एक युवक मौके से भाग निकला।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र गोस्वामी, अजय गोस्वामी, रामनारायण धीवर और लोकेश राठौर के रूप में हुई है। सभी जांजगीर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोपियों से दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। उनके खिलाफ अवैध वसूली सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
सक्ती एएसपी हरीश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि आरोपी किसी भी विभाग से जुड़े नहीं हैं और केवल उगाही के इरादे से पुलिस–आबकारी की वर्दी पहनकर पहुंचे थे। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

