राजनांदगांव, 25 नवंबर (आरएनएस)। जिले में एक किसान की आत्महत्या का मामला सामने आया है। 19 नवंबर की सुबह संबलपुर (सिंघोला) निवासी 49 वर्षीय रामखिलावन साहू का शव सिंघोला धान खरीदी केंद्र के पास एक पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना सुरगी पुलिस चौकी क्षेत्र की है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें राजनांदगांव के सराफा कारोबार से जुड़े आरके ज्वेलर्स के संचालक तथा आढ़तिया उमेश पालीवाल और रमेश पालीवाल के नाम लिखे होने की बात सामने आई है।

परिजनों का आरोप है कि रामखिलावन ने इन व्यापारियों से उधार लिया था, जिस पर 5 प्रतिशत तक की ऊंची ब्याज दर से रकम वसूली जा रही थी। इसी दबाव में उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताडऩा झेलनी पड़ रही थी। परिवार का कहना है कि शिकायत के बाद भी घटना के छह दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
रामखिलावन साहू कृषि उपज मंडी में धान खरीदी-बिक्री का काम करते थे और परिजनों के मुताबिक वह मेहनती किसान-व्यवसायी थे। उनके अचानक किए गए इस कदम से गांव में शोक का माहौल है।
००००

