जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर 2025(आरएनएस) समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत जिले में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी जारी है। तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता, शीघ्र भुगतान तथा खरीदी केंद्रों में उपलब्ध बेहतर सुविधाओं ने किसानों का उत्साह बढ़ाया है। किसान इन दिनों उपार्जन केंद्रों पर अपनी उपज लेकर पहुंच रहे हैं और इस वर्ष की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं किसान हितैषी बता रहे हैं।
जिले के उपार्जन केंद्रों में खरीदी की प्रक्रिया तेज गति से चल रही है और किसानों को किसी तरह की दिक्कत नहीं हो रही है। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था, सरल प्रक्रिया और समय पर भुगतान ने किसानों के भरोसे को और मजबूत किया है। इसी क्रम में धान उपार्जन केंद्र खरौद पहुंचे किसान देव कुमार आदित्य ने 30.80 क्विंटल धान विक्रय किया। उन्होंने बताया कि केंद्र में नमी परीक्षण, तौल और टोकन की पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उनके अनुसार इस वर्ष “तुंहर टोकन” मोबाइल ऐप सबसे महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में सामने आया है, जिससे किसानों को भीड़, कतारों और समय की बर्बादी से राहत मिली है। वे घर बैठे ऑनलाइन टोकन बुक कर निर्धारित समय पर पहुंचकर बिना किसी परेशानी के धान बेच पाए। डिजिटल सुविधा ने खरीदी व्यवस्था को और सरल और तेज बना दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्रों में छांव, पेयजल और शौचालय जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे किसानों को कोई असुविधा नहीं होती।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में प्रशासनिक टीम लगातार उपार्जन केंद्रों की निगरानी कर रही है। सुव्यवस्थित प्रबंधन और उचित व्यवस्था के कारण धान खरीदी कार्य पूरी पारदर्शिता, तेजी और सुगमता के साथ संचालित किया जा रहा है।


















