रामानुजगंज,11 फरवरी (आरएनएस)। रामानुजगंज राष्ट्रीय राज्य मार्ग 343 पर रामानुजगंज से बलरामपुर के बीच लगभग 90 करोड़ रुपये की लागत से दो लेन सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता और ठेकेदार की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। बार-बार शिकायत और अनुरोध के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आज को पूर्व जनपद उपाध्यक्ष बी.डी. लाल गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा मनमाने ढंग से कार्य कराया जा रहा है और गुणवत्ता का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा है। कई जनप्रतिनिधियों ने भी समय-समय पर इस मुद्दे को उठाया, यहां तक कि आंदोलन की चेतावनी भी दी गई, लेकिन संबंधित विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है।
सबसे गंभीर मुद्दा रामानुजगंज के नजदीक घनी रिहायशी क्षेत्र में डब्ल्यूएमएम (ङ्खद्गह्ल रूद्ब& रूड्डष्ड्डस्रड्डद्व) प्लांट लगाए जाने का है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्लांट से 24 घंटे धूल उड़ती रहती है, जिससे सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार पानी का छिड़काव करने की मांग की गई, लेकिन सड़क पर नियमित रूप से पानी नहीं डाला जा रहा, जिससे धूल की समस्या और गंभीर हो गई है।
चक्का जाम के दौरान बी.डी. लाल गुप्ता ने कहा कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों, ठेकेदार और विभागीय इंजीनियरों से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही रिहायशी क्षेत्र से प्लांट नहीं हटाया गया और गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। फिलहाल स्थानीय लोग प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं। अब देखना होगा कि करोड़ों की लागत से बन रही इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना में गुणवत्ता और जनहित को प्राथमिकता दी जाती है या नहीं।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















