रायपुर, 11 फरवरी (आरएनएस)। राजधानी में चल रहे नशा विरोधी अभियान के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आमानाका थाना में पदस्थ कांस्टेबल हिमांशु बर्मन को हेरोइन के साथ पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि वह कथित तौर पर एक ग्राहक को नशीला पदार्थ उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस टीम ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई टिकरापारा थाना पुलिस ने की। आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सेंट्रल जोन पुलिस के डीसीपी के निर्देशन में सूखे नशे की बिक्री, सेवन और सुनसान इलाकों—जैसे अंधेरी गलियों व पार्किंग स्थलों—में हो रही अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है। कोतवाली डिवीजन के एसीपी के नेतृत्व में संबंधित थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और धरपकड़ अभियान चलाए जा रहे हैं। इस कार्रवाई ने यह भी साफ कर दिया है कि अभियान के दौरान कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह पुलिस विभाग का ही सदस्य क्यों न हो।
0


















