०सिलाई कार्य से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया कदम
कोंडागांव,11 फरवरी(आरएनएस)। माकड़ी विकासखंड के ग्राम बडग़ांव निवासी ग्रीसलता साहू आज महतारी वंदन योजना की राशि से घर पर ही कपड़ा सिलाई का छोटा व्यवसाय शुरू की है, जिससे उन्हें उनके परिवार के जीविकोपार्जन में राहत मिल रही है। ग्रीसलता साहू एक साधारण गृहिणी हैं। उनके परिवार में पति और दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। उनके पति मजदूरी का कार्य करते हैं, जिससे घर का खर्च चलाना और बच्चों का पालन-पोषण करना काफी कठिन हो जाता था। आर्थिक तंगी के कारण वे अक्सर अपने परिवार के भविष्य को लेकर चिंतित रहती थीं। छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना की जब शुरूआत हुई तो उन्होंने अपना पंजीयन कराया और हर माह मिलने वाली एक हजार की सहायता राशि ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई। ग्रीसलता ने इस राशि को केवल घरेलू खर्च में उपयोग करने के बजाय आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया। उन्होंने हर महीने मिलने वाली राशि को जमा कर सिलाई मशीन खरीदी और घर से ही कपड़ा सिलाई का कार्य प्रारंभ किया। धीरे-धीरे गांव के लोगों से कपड़े सिलाई के ऑर्डर मिलने लगे और उनकी आमदनी बढऩे लगी। आज वे इस कार्य हर महीने अतिरिक्त आय अर्जित कर रही हैं। इससे न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि बच्चों का पालन-पोषण भी बेहतर हुआ है और उनके पति पर पडऩे वाला आर्थिक बोझ भी काफी कम हो गया है।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई महतारी वंदन योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हो रही है, जो कई जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। ग्रीसलता ने महतारी वंदन योजना को महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए शासन के प्रति आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
००


















