0 श्रद्धा-भक्ति का क्षेत्रवासियों को दिए संदेश
0ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाएं जब मंच प्राप्त करती हैं, तो हमारी संस्कृति और अधिक समृद्ध होती है : रंजना साहू
0 संगीतमय मानसगान प्रतियोगिता जैसे आयोजन ग्राम्य संस्कृति की आत्मा हैं : अंगीरा धु्रव
धमतरी,11 फरवरी (आरएनएस)। ग्राम अंगारा में आयोजित त्रि-दिवसीय संगीतमय मानसगान प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों, भक्ति परंपरा और सामाजिक एकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं, मानस मंडलियों एवं ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए श्रीमती साहू ने कहा कि रामचरितमानस केवल धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ प्रेरणा है।
मानसगान जैसी प्रतियोगिताएं हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को नैतिक मूल्यों से जोडऩे का महत्वपूर्ण माध्यम बनती हैं। श्रीमती रंजना साहू ने आगे कहा कि समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों की विशेष भूमिका होती है। श्रीमती रंजना साहू ने प्रतिभागी मानस मंडलियों के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाएं जब मंच प्राप्त करती हैं, तो हमारी संस्कृति और अधिक समृद्ध होती है।उन्होंने आयोजक बाल समाज नाट्य कला मंच, ग्राम अंगारा तथा समस्त ग्रामवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी इसी प्रकार सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। जनपद अध्यक्ष श्रीमती अंगीरा ध्रुव ने अपने उद्बोधन में कहा कि संगीतमय मानसगान प्रतियोगिता जैसे आयोजन ग्राम्य संस्कृति की आत्मा हैं, जो लोगों को भक्ति, संस्कार और सामाजिक एकता के सूत्र में पिरोते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण निर्मित होता है। श्रीमती ध्रुव ने आयोजन समिति, मानस मंडलियों एवं ग्रामवासियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता ही किसी भी सांस्कृतिक आयोजन की वास्तविक शक्ति होती है। इस अवसर पर पूर्व जनपद सदस्य पूर्णिमा बनपेला, चंद्रप्रकाश साहू, मानिकचंद साहू, टिकेश साहू, लेखराम साहू, खुमान साहू, सहवाग साहू, देवचरण साहू, तिजूराम साहू, सुमन देवांगन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, आयोजन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
0


















