भरतपुर ,11 फरवरी (आरएनएस)। उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दीया कुमारी द्वारा पेश किए गए राज्य बजट में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर पर विशेष ध्यान दिया गया है। जिले में हवाई कनेक्टिविटी की उम्मीदों को पंख लगाते हुए सरकार ने नए एयरपोर्ट के लिए फिजिबिलिटी सर्वे की घोषणा की है। साथ ही, भरतपुर को तकनीकी और पर्यटन हब बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है।
1. कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर: एयरपोर्ट की ओर
2. 1. कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर: एयरपोर्ट की ओर बढ़ते कदम भरतपुर के विकास में हवाई सेवाओं की कमी को दूर करने के लिए बजट में अहम घोषणा की गई है:
एयरपोर्ट सर्वे : भरतपुर में नए एयरपोर्ट के निर्माण के लिए फिजिबिलिटी स्टडी (व्यवहार्यता अध्ययन) करवाई जाएगी। यह कदम भविष्य में जिले को देश के प्रमुख शहरों से सीधे जोडऩे का आधार बनेगा।
ब्रज कन्वेंशन सेंटर: पर्यटन और बड़े आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए जिले में एक आधुनिक ब्रज कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा।
2. शिक्षा और तकनीक : अब टेक्नो हब बनेगा भरतपुर
युवाओं को डिजिटल युग के लिए तैयार करने के लिए सरकार ने तकनीक पर जोर दिया है:
टेक्नो हब: जिले में पहले से संचालित टिंकरिंग लैब को अब उन्नत बनाकर टेक्नो हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय छात्रों को कोडिंग, रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीक सीखने का मौका मिलेगा।
बजट का लाभ : 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों को लैपटॉप के लिए 20 हजार रुपये का ई-वाउचर भी मिलेगा, जिसका फायदा भरतपुर के हजारों छात्रों को होगा।
3. आपदा प्रबंधन: बाढ़ सुरक्षा के कार्य
भरतपुर की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए, यहाँ हर साल होने वाले जलभराव और बाढ़ की समस्या के समाधान के लिए बजट में विशेष बाढ़ सुरक्षा कार्यों की घोषणा की गई है। सरकार इसके लिए अलग से फंड आवंटित कर सुरक्षा दीवारें और ड्रेनेज सिस्टम मजबूत करेगी।
4. पुरानी घोषणाओं पर भी टिकी निगाहें
बजट घोषणाओं के बाद स्थानीय जनता में उत्साह तो है, लेकिन साथ ही पुरानी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी मांग उठ रही है।
स्थानीय अपेक्षाएं : शहरवासी सिटी बस सेवा और पुरानी पेयजल योजनाओं के जल्द धरातल पर उतरने का इंतजार कर रहे हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा ने विश्वास जताया है कि मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के नाते इन घोषणाओं से युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
00


















