प्रयागराज 26 नवंबर (आरएनएस )। मऊआइमा थाना क्षेत्र में इंपीरियल स्कूल की एक बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बस में सवार पांच बच्चे घायल हो गए। घटना सरपताही नहर के पास हुई, जिसके बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंपीरियल स्कूल की बस सुबह करीब 7:00 बजे बसरही सराय ख्वाजा, जन्महा और कहली सहित विभिन्न गांवों से बच्चों को लेकर कंचनपुर के रास्ते स्कूल आ रही थी। सरपताही नहर के पास गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने बस में टक्कर मार दी, जिससे बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे अपनी सीटों से बस के फर्श पर गिर गए।
घायल बच्चों में मोहम्मद अरसलान, मोहम्मद सिवान, मोहम्मद फहद, ध्रुव यादव, काव्य यादव और मोहम्मद अर्श शामिल हैं। उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनके परिजनों को सूचित कर घर भेज दिया गया।
हादसे के बाद बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ट्रक चालक तेजी से ट्रक लेकर प्रयागराज की ओर भागने लगा। ग्रामीणों ने पीछा किया और हरिसेन गंज बाजार के आगे ओझा ढाबा के पास ट्रक को रोक लिया। हालांकि, चालक ट्रक छोड़कर फरार होने में सफल रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

