कोलकाता 26 नवंबर (आरएनएस)। पुलिस के एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर(एएसआई) पर एक विवाहित महिला को ब्लैकमेल कर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना उत्तर 24 परगना जिले के बराहनगर की है। आज पीडि़ता की शिकायत के आधार पर बरानगर थाने में आरोपित पुलिस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपित एएसआई का नाम संजीव सेन है। घटना के समय वह बरानगर थाने में तैनात था, वर्तमान में उसकी पोस्टिंग पुरुलिया पुलिस लाइन में है।
शिकायत में पीडि़ता ने बताया कि 10 अगस्त 2018 को वह अपने पति द्वारा वैवाहिक बलात्कार के आरोप में शिकायत दर्ज कराने थाने गई थीं। उस समय ड्यूटी पर मौजूद एएसआई संजीव सेन ने उनकी लिखित शिकायत ली। इसके बाद, कथित तौर पर जांच के नाम पर वह उन्हें बार-बार फोन करने लगा और कई बार घर भी गया। एक दिन अधिकारी उनके घर पहुंचा और कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया जिससे वह बेहोश हो गई। होश में आने पर पीडि़ता ने खुद को निर्वस्त्र हालत में पाया। आरोप है कि इसके बाद संजीव सेन ने धमकाकर उसे कई होटलों में ले जाकर दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। पीडि़ता का आरोप है कि गर्भवती होने पर उसे जबरन गर्भपात भी कराया गया। यही नहीं, उसके पति को ड्रग केस में फंसाने और नाबालिग बेटी को उठाने की धमकी भी दी गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी अधिकारी के खिलाफ इससे पहले भी इसी तरह के आरोप लगे थे और विभागीय जांच के बाद कार्रवाई भी की गई थी। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा— शिकायत दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपों की जांच की जा रही है।
पुरुलिया में मीडिया के एक वर्ग से बात करते हुए संजीव सेन ने सभी आरोप खारिज करते हुए कहा— यह पहली बार सुन रहा हूं। सभी आरोप बेबुनियाद हैं। मेरे खिलाफ साजिश की जा रही है। मैंने बरानगर बहुत पहले छोड़ दिया था, अब अचानक ऐसे आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं, समझ नहीं आ रहा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

