धमतरी, 26 नवंबर (आरएनएस)। जिले में लगातार गिरते तापमान को देखते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम धमतरी द्वारा शहरवासियों के लिए ठंड से बचाव की विशेष व्यवस्था प्रारंभ की गई है। रात के समय ठंड के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख स्थलों पर अलाव जलाकर राहगीरों, मजदूरों, दुकानदारों तथा जरूरतमंद लोगों को राहत प्रदान की जा रही है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार शिव चौक, इतवारी बाजार, जिला अस्पताल परिसर, बस स्टैंड, घड़ी चौक सहित शहर के अन्य व्यस्त एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इन स्थानों पर देर रात तक कार्य करने वाले लोगों के लिए लकडिय़ों की पर्याप्त उपलब्धता कराई गई है ताकि अलाव लगातार जलते रहें। निगम द्वारा अलाव की नियमित निगरानी तथा आवश्यकतानुसार लकड़ी की पूर्ति की व्यवस्था भी की गई है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि आगामी दिनों में ठंड का प्रभाव और बढऩे की संभावना को देखते हुए शहर के अन्य उपयुक्त स्थानों पर भी अलाव की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों तक राहत उपायों को समय पर पहुँचाने के लिए नगर निगम की टीमें सक्रिय रूप से तैनात की गई हैं।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने निर्देशित किया है कि शहर में किसी भी व्यक्ति को ठंड से असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कमजोर, बेघर तथा रात में काम करने वाले लोगों को ठंड से पर्याप्त सुरक्षा मिले। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि अलाव स्थलों पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा बच्चों को बिना निगरानी के इन स्थानों पर न भेजें।
कलेक्टर ने नगर निगम को अलाव व्यवस्था को नियमित रूप से मॉनिटर करने, सुरक्षा मानकों का पालन कराने तथा आवश्यकता पडऩे पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता के लिए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएँ, ताकि हर व्यक्ति तक समय पर मदद पहुँचाई जा सके।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

