भिलाई , 27 नवंबर (आरएनएस)। शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। मौका मिलते ही चोर सूने घरों को निशाना बना रहे हैं। कैलाशनगर हाउसिंग बोर्ड में इसी तरह की एक बड़ी चोरी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैलाशनगर निवासी *राहुल गुप्ता* 21 नवंबर को परिवार सहित शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए थे। लगभग पाँच दिन बाद जब वे बुधवार को वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। घर में प्रवेश करने पर अंदर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी में रखी रकम और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था।

चोरों ने घर की तलाशी के दौरान बच्चों का गुल्लक भी फोड़ दिया, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से उसमें रखे सिक्के वहीं छोड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने स्थल निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस अज्ञात चोर की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध की पहचान जल्द संभव है।
०००

