मुंगेली, 27 नवंबर (आरएनएस)। लोरमी के पुटुपारा में धान मिसाई के दौरान एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना हो गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक–1 निवासी और पूर्व पार्षद धन्नु साहू के पुत्र महेंद्र साहू (30 वर्ष) अपने खेत में थ्रेसर मशीन से धान की मिसाई कर रहे थे। उसी दौरान धान डालते वक्त उनका पैर अचानक फिसल गया और संतुलन बिगड़ते ही वे सीधे थ्रेसर मशीन में गिर पड़े। कुछ ही सेकंड में मशीन ने उन्हें पूरी तरह अंदर खींच लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मशीन में शरीर बुरी तरह फंस जाने के कारण उसे बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जेसीबी मशीन मंगवाई, जिसके सहारे काफी प्रयासों के बाद शव को मशीन से बाहर निकाला जा सका। भयावह दृश्य देखकर ग्रामीणों और परिवारजनों के होश उड़ गए। परिजन मौके पर ही रो-रोकर बेहाल हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे पुटुपारा गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।
०००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

