मुंगेली, 27 नवंबर (आरएनएस)। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान एसआईआर के तहत मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन में मुंगेली जिले ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन में अव्वल रहने के बाद अब जिले के 26 बीएलओ और अभिहित अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार ने मनियारी सभाकक्ष में प्रशस्ति पत्र, शाल और श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में कलेक्टर ने सभी बीएलओ से उनकी कार्यशैली, अभियान के दौरान सामने आई चुनौतियों और अपनाई गई रणनीतियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की सटीकता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल शक्ति है और डिजिटाइजेशन इस प्रक्रिया को और पारदर्शी व विश्वसनीय बनाता है। कलेक्टर ने उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम की मेहनत और समन्वय को दिया।
बीएलओ ने भी कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा किए। राजपुर की बीएलओ लक्ष्मी चौबे ने बताया कि टीमवर्क और पंचायत सचिव सहित स्थानीय स्टाफ के सहयोग से लक्ष्य हासिल करना आसान हुआ। वहीं नवागांव जैत के बीएलओ ने बताया कि विभिन्न वार्डों में नियमित कैंप लगाकर त्रुटियां मौके पर ही सुधारी गईं, जिससे समय सीमा में सौ प्रतिशत कार्य पूरा किया जा सका।
कलेक्टर कुन्दन कुमार स्वयं जिले में चल रहे स्ढ्ढक्र अभियान की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। नियमित समीक्षा बैठक, फील्ड निरीक्षण और जनप्रतिनिधियों तथा राजनीतिक दलों से संवाद के माध्यम से वे कार्य की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का निष्पक्ष और पारदर्शी अद्यतन ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है।
अभियान में ग्रामीण क्षेत्रों ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए नगरीय निकायों को पीछे छोड़ दिया है। जिले के सभी नगरीय निकायों में से *जरहागांव नगर पंचायत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर शीर्ष पर रही। कलेक्टर ने बताया कि कई शहरी मतदाता गांव और शहर के बीच नाम जुड़वाने को लेकर भ्रम में रहते हैं, जिसके चलते नगरीय क्षेत्रों की प्रगति धीमी दिखाई देती है।
उन्होंने स्पष्ट अपील की— जहां स्थायी रूप से निवास करते हैं, वहीं अपना नाम जुड़वाएं। एक व्यक्ति का नाम एक ही स्थान पर दर्ज हो सकता है, इसलिए बीएलओ को सही जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि मतदाता सूची पूर्णत: शुद्ध और अद्यतन रह सके।
कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर ने सभी बीएलओ, अभिहित अधिकारियों और फील्ड टीमों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ने मुंगेली जिले को प्रदेश में शीर्ष पर पहुंचाया है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

