मुंबई 27 Nov, (Rns)- कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ को लेकर सुर्खियों में हैं। 26 नवंबर को मुंबई में फिल्म का भव्य ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कपिल सहित पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही। इसी दौरान मीडिया ने उनसे उनके कनाडा स्थित रेस्टोरेंट पर हुई फायरिंग को लेकर सवाल पूछा।
कपिल शर्मा ने घटना पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी और मुंबई पुलिस की तारीफ करते हुए कहा कि कनाडा में पुलिस तंत्र की सीमाओं के कारण कार्रवाई प्रभावी ढंग से नहीं हो सकी।
कपिल शर्मा ने कहा, “ये इंसिडेंट कनाडा में हुआ, वैंकूवर में। मुझे लगता है कि तीन बार वहां पर फायरिंग हुई। और शायद जो मुझे लगता है कि वहां का थोड़ा, जो नियम है, पुलिस के पास शायद इतनी पावर नहीं है कि वो उस चीज को कंट्रोल कर पाएं। जब हमारा ये केस हुआ तो उसके बाद ये केस फेडरल में चला गया, जैसे हमारे यहां सेंट्रल गवर्नमेंट होती है, कनाडा के पार्लियामेंट में इसके ऊपर चर्चा हुई।“
कपिल ने कहा, “जितनी बार गोली चली वहां पर उसके बाद हमें और भी बड़ी ओपनिंग लगी हमारे कैफे में। तो ऊपर वाला साथ है तो ठीक है।” कपिल के कनाडा कैफै पर पहली बार 10 जुलाई को फायरिंग हुई थी। उसके बाद 7 अगस्त और 16 अक्टूबर को गोली चली थी।
मुंबई पुलिस की तारीफ
कपिल ने आगे कहा, “मुझे तो लगता है कि ऊपर वाला जो करता है उसके पीछे की कहानी हम नहीं समझ पाते, लेकिन बहुत सारे लोगों के फोन आए कि वहां पर पहले से ही ये सब बहुत कुछ चल रहा था, लेकिन आपके कैफे पर फायरिंग हुई, वो न्यूज बनी, तो अब वहां की पुलिस के कदम सिस्टम में सुधार करने की ओर बढ़ रहे हैं और मैं कभी अपने देश में और मुंबई में असुरक्षित महसूस नहीं करता हूं। हमारी मुंबई पुलिस के जैसा कोई भी नहीं है।

