राजनांदगांव, 27 नवंबर (आरएनएस)। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मानव मंदिर चौक में 26 नवंबर की रात लगभग 11:05 बजे पूर्व रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसमें आरोपी महफूज खान ने धारदार चाकू से अनूप यादव पर हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी राहुल देव शर्मा, जो उस समय कॉम्बिंग गश्त अभियान में नंदई चौक की ओर थे, मात्र 7 मिनट में पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंच गए, जो पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया का उदाहरण है। घायल अनूप यादव को तुरंत पुलिस दल द्वारा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ पाँच विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में तत्काल उपचार आरंभ किया। वर्तमान में उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है तथा बेहतर उपचार के लिए उसे रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 15 से 20 मिनट में आरोपी महफूज खान को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड है, जबकि घायल अनूप यादव के विरुद्ध भी पाँच से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रात 12 बजे पुलिस अधीक्षक सुअंकित शर्मा स्वयं घटनास्थल मानव मंदिर चौक पहुँचीं और स्थिति का निरीक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारियों की त्वरित उपस्थिति और पुलिस टीम की समयबद्ध कार्रवाई से घटना पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया। आरोपी को आज न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपी को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी।
राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जिले में और अधिक सतर्कता एवं सक्रियता बरती जाएगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

