कबीरधाम, 27 नवंबर (आरएनएस)। पुलिस ने अवैध तरीके से नकली देशी प्लेन मदिरा तैयार कर ग्रामीण क्षेत्रों में भट्टी शराब के नाम पर बेचने वाले एक अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह स्वास्थ्य के लिए खतरनाक केमिकल और स्पिरिट का उपयोग कर नकली शराब तैयार करता था और उसे असली शराब की कीमत पर बेचकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ कर रहा था। पुलिस ने गिरोह के ठिकानों पर छापेमारी कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए बड़ी मात्रा में नकली शराब, पैकिंग सामग्री और उपकरण जप्त किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व एवं एएसपी पुष्पेंद्र बघेल तथा पंकज पटेल के मार्गदर्शन में की गई। एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक और डीएसपी कृष्णा चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना बोड़ला, चौकी पोड़ी, साइबर सेल और फील्ड स्टाफ की संयुक्त टीम ने ग्राम पोड़ी में आरोपी नंद कुमार कुर्रे के मकान में संचालित नकली शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। साइबर टीम ने कॉल डिटेल, लोकेशन मैपिंग और संदिग्ध गतिविधियों के तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से पूरे गिरोह की सप्लाई चैन और नेटवर्क का पता लगाया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत दबिश दी। छापेमारी में 49 पाव नकली देशी प्लेन शराब, हजारों की संख्या में नकली स्टिकर, होलोग्राम, ढक्कन, 7 बोरी खाली बोतलें, 42 जरीकेन, 19 पानी के जार, तीन बॉटलिंग मशीन एवं भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री बरामद की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नंद कुमार कुर्रे, इस्लाम उर्फ सुद्दू, शेख साजिद और छोटू उर्फ दिनेश चंद्रवंशी शामिल हैं। पूछताछ में पता चला है कि गिरोह के दो और सदस्य भी शामिल थे, जिनमें से एक को हाल ही में गांजा प्रकरण में जेल भेजा गया है, जबकि दूसरा फरार है। नकली होलोग्राम, ढक्कन और सामग्री झारखंड से मंगाई जाती थी, जिससे यह स्पष्ट है कि गिरोह का नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर फैला हुआ था। यह नकली शराब अत्यंत हानिकारक थी और गंभीर स्वास्थ्य जोखिम उत्पन्न कर सकती थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं सहित कई गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है और उनके नेटवर्क की गहराई से जांच जारी है। कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध शराब, नकली मदिरा निर्माण या जनस्वास्थ्य को खतरे में डालने वाली गतिविधि को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई में थाना बोड़ला, चौकी पोड़ी और साइबर सेल की संयुक्त टीम की भूमिका सराहनीय रही।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

