0 धमतरी पुलिस की बड़ी सफला
धमतरी, 27 नवंबर (आरएनएस)। बरडिय़ा ज्वैलर्स में हुए डकैती के प्रयास और फायरिंग मामले में धमतरी पुलिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। घटना के मुख्य फरार आरोपी और मास्टरमाइंड अजय उर्फ गोलू भदौरिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें मध्यप्रदेश, हरियाणा से लेकर दिल्ली तक सक्रिय थीं। इससे पहले इस केस में दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
ठिकाने बदलता रहा मास्टरमाइंड, फिर भी पुलिस के शिकंजे में फंसा
घटना के बाद अजय भदौरिया लगातार राज्य बदलते हुए पुलिस से बचने की कोशिश करता रहा। वह अपनी लोकेशन को गुप्त रखने के लिए मोबाइल फोन बदलता रहा और मीडिया रिपोट्र्स के जरिए जांच की स्थिति जानने की कोशिश कर रहा था। एसपी धमतरी के निर्देश पर दो विशेष टीमें गठित की गईं—एक टीम मध्यप्रदेश के भिंड में और दूसरी हरियाणा में संभावित लोकेशन की तलाश के लिए भेजी गई। तकनीकी इनपुट के आधार पर हरियाणा में उसके होने की जानकारी मिली, लेकिन दबिश से पहले ही वह वहां से दिल्ली, फिर भोपाल और ग्वालियर भाग निकला। लगातार ट्रैकिंग और निगरानी के बाद पुलिस ने ग्वालियर से बालाघाट की ओर बस से भागने के दौरान उसे दबोच लिया।
पिस्टल और मोबाइल बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह पिस्टल बरामद की, जिसका उपयोग बरडिय़ा ज्वैलर्स फायरिंग में किया गया था। साथ ही एक एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया गया। आरोपी को सिटी कोतवाली धमतरी ने न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
26 वर्षीय अजय उर्फ गोलू भदौरिया (निवासी देहरा, भिंड-एमपी) का अपराधों का लंबा इतिहास है। वर्ष 2015 से 2024 के बीच उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, जान से मारने की धमकी, अवैध हथियार, आबकारी एक्ट उल्लंघन, रात्रि चोरी और डकैती की तैयारी जैसे कुल 14 गंभीर मामले दर्ज हैं। भिंड पुलिस द्वारा उस पर 3,000 रुपये का इनाम भी घोषित था।
इस प्रकरण में दो आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं—
कुंवर सिंह भदौरिया, निवासी इंगुरी, भिंड अमरपाल सिंह, निवासी मसूरी लहर, भिंड
एसपी का बयान
एसपी परिहार ने मामले में मिली सफलता को टीम वर्क का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सर्राफा संघ और चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा व्यक्त की गई चिंताओं को दूर करने में पुलिस सफल रही है।
उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया—
कितने भी शातिर अपराधी क्यों न हों, धमतरी पुलिस से बचना असंभव है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

