बिलासपुर28 नवंबर 2025(आरएनएस) मुंगेली में महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की भर्ती प्रक्रिया को लेकर परियोजना अधिकारी पर आरोप लगाते हुए कूटरचना कर नियुक्ति आदेश जारी करने वाले दोषी अधिकारी पर जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।ज्ञात हो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका की भर्ती प्रक्रिया के लिए परियोजना क्रमांक 2 मुंगेली की परियोजना अधिकारी उमा कश्यप के द्वारा ग्राम पंचायत पौनी, ग्राम पंचायत बोदा, ग्राम पंचायत दुल्लापुर सहित कुल 3 स्थानों के लिए मेरिट सूची तैयार कर जनपद पंचायत मुंगेली के स्थाई महिला एवं बाल विकास समिति को अनुमोदन हेतु 22 सितम्बर को बैठक बुलाई गई। बैठक में स्थाई समिति के सदस्यों ने ग्राम पंचायत पौनी के आवेदन पर आपत्ति के संबंध में जानकारी चाही। इस पर परियोजना अधिकारी ने कहा गया कि अभी ऑफिस में कर्मचारी नहीं है, इस वजह से आपत्ति के संबंध में दस्तावेज नहीं दिखा सकती। आप लोगों को अनुमोदन करना है तो ठीक, नहीं करना है तो भी ठीक। जब ऑफिस में कर्मचारी रहेंगे तब आपको दस्तावेज दिखा देंगे, तब तक के लिए बैठक को स्थगित कर देते हैं। 30 सितम्बर को उमा कश्यप की सेवा निवृत्ति के पश्चात जानकारी मिलती है कि, उक्त तीनों पंचायतों के भर्ती आवेदनों में सिर्फ ग्राम पंचायत पौनी में नियुक्ति आदेश जारी कर दिया गया है। जब जानकारी लेने प्रभारी परियोजना अधिकारी गेंदले के पास गए तब उन्होंने कार्यवाही रजिस्टर दिखाया, जिसमें से पन्ने फाड़ा गया था, और पुराने तारीख में बैठक कार्यवाही लिखी गई थी। साथ ही सदस्यों को बैठक में अनुपस्थित बताया गया, जबकि उक्त बैठक की सूचना सदस्यों को दी ही नहीं गई है। शिकायत के पश्चात जांच कराने के बजाए परियोजना अधिकारी क्रमांक 2 के द्वारा उक्त तीनों पंचायतों में से शेष 2 पंचायत बोदा एवं दुल्लापुर की भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर नया आवेदन मंगाने हेतु मूल्यांकन समिति की बैठक बुलाकर प्रस्ताव पारित कर लिया गया।
की जा रही है जांच
— परियोजना क्रमांक 2 में कार्यकर्ता और सहायिका की भर्ती के संबंध में शिकायत मिली है। इस संबंध में समिति की ओर से जांच की जा रही है।
– संजुला शर्मा,
जिला कार्यक्रम अधिकारी,
एवं बाल विकास विभाग
मुंगेली

