धमतरी,19 जून (आरएनएस)। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालन करने वाले गिरोहों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और इस मामले में पहले भी कई आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टा और साइबर माध्यम से संचालित गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पहले मामले में थाना सिटी कोतवाली के अपराध क्रमांक 107/2026 में विवेचना के दौरान तुषार यादव उर्फ सुजल (22 वर्ष), निवासी रिसाईपारा, धमतरी की ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन में संलिप्तता सामने आई। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 18 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस प्रकरण में इससे पहले शंकर मंगलानी और मनमोहन पटेल उर्फ छोटू पटेल को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
दूसरे मामले में अपराध क्रमांक 98/2026 की जांच के दौरान पहले से गिरफ्तार आरोपी आयुष वाधवानी से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अमित नेभानी (46 वर्ष), निवासी रविग्राम, तेलीबांधा, रायपुर की भूमिका सामने आई। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और एक्सचेंज वेबसाइटों के माध्यम से आईपीएल सहित अन्य क्रिकेट मैचों पर हार-जीत का दांव लगवाकर अवैध ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। मामले में जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भी जांच जारी है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टा और साइबर माध्यम से संचालित गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी
तुषार यादव उर्फ सुजल (22 वर्ष), निवासी रिसाईपारा वार्ड क्रमांक-15, धमतरी।
अमित नेभानी (46 वर्ष), निवासी गुरु घासीदास वार्ड, तेलीबांधा, रविग्राम, रायपुर।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

