रायपुर, 19 जून (आरएनएस)। प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में सुशासन, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने नगरी मंडल के विभिन्न गांवों का दौरा कर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई।
अभियान की शुरुआत ग्राम बोडरा स्थित शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद जिला अध्यक्ष ने ग्राम बोडरा, भोथली, भैंसासकरा और हिन्छापुर में सरपंचों, पुजारियों, प्रबुद्धजनों तथा वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर चर्चा की।
प्रकाश बैस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के गांवों और शहरों में विकास की नई इबारत लिखी गई है। सड़क, बिजली, पानी, आवास, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होने से ग्रामीण जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान भाजपा नेताओं ने ग्राम रामनगर हिन्छापुर पहुंचकर शहीद आदित्य साहू के परिजनों से भेंट की। इस अवसर पर शहीद परिवार का सम्मान करते हुए नेताओं ने उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया और कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए दिया गया उनका योगदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
नेताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रहा है, जिससे गांव भी आधुनिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, एसटी मोर्चा जिला अध्यक्ष मोहन पुजारी, जनपद उपाध्यक्ष हृदय साहू, जनपद सभापति राजेश नाथ गोसाई, मंडल महामंत्री सुलोचना साहू, पार्षद राजा पवार, श्यामंत बिसेन, कमलेश साहू सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
0

