कोलकाता 28 नवंबर (आरएनएस)। राजनीति में कब क्या हो कोई कह नहीं सकता। कभी मोदी सरकार के गुड बुक में रहें पूर्व केन्द्रीय मंत्री जॉन बारला अब ममता सरकार के गुड खाते में आ गए हैं। भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने वाले डुआर्स के चर्चित राजनीतिक नेता जॉन बारला को पश्चिम बंगाल सरकार ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। राज्य सरकार ने उन्हें पश्चिम बंगाल अल्पसंख्यक आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। नवान्न से औपचारिक रूप से ईमेल के माध्यम से उनकी नियुक्ति पत्र भेजा गया, जिसकी जानकारी आज सार्वजनिक हुई।
नई जिम्मेदारी मिलने पर जॉन बारला ने खुशी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उसके लिए आभारी हैं। उन्होंने कहा कि मैं डुआर्स और राज्य के लोगों के लिए काम करूंगा। ममता बनर्जी ही इस राज्य का भला कर सकती हैं। मैं पहले से ही काम में जुटा था, अब इस जिम्मेदारी के साथ और तेज़ी से काम करूंगा। बता दे कि, पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉन बारला ने तृणमूल कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। बारला ने भाजपा में कार्यकाल के दौरान आये अवरोधों और विकास कार्यों में रुकावटों का हवाला दिया था। उन्होंने तृणमूल में शामिल होने का कारण बताया और ममता बनर्जी के नेतृत्व की सराहना की। बहरहाल भाजपा को टाटा बोलने के बाद बारला ने कहा था, मैं 160 करोड़ रुपये का अस्पताल बनाना चाहता था। अस्पताल रेलवे की जमीन पर बन रहा था. मैंने 100 प्रतिशत धन जुटाया था, लेकिन बंगाल में विपक्षी नेता ने इसे रोक दिया। मैं लोगों के लिए काम करना चाहता था। लेकिन शुभेंदु अधिकारी ने इसे रोक दिया। अगर हम इसे इस तरह रोकेंगे, तो पार्टी में कौन काम करेगा?
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

