हावड़ा 28 नवंबर (आरएनएस)। कोलकाता से सटे हावड़ा जिले के सपूइपाड़ा इलाके में गुरुवार देर रात तृणमूल कांग्रेस के एक ग्राम पंचायत प्रधान और उनके सहयोगी को सरेआम सड़क पर गोली मार दी गई। घटना से इलाके में भारी दहशत फैल गई है। हमले में घायल पंचायत प्रधान की पहचान देबब्रत मंडल उर्फ बाबू मंडल के रूप में हुई है, जबकि उनके सहयोगी का नाम अनुपम राणा बताया गया है। दोनों को गंभीर हालत में एसएसकेएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने खासकर मंडल की स्थिति को अत्यंत गंभीर बताया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंडल और राणा गुरुवार देर रात एक विवाह समारोह से मोटरसाइकिल पर लौट रहे थे। बाइक राणा चला रहे थे, जबकि मंडल पीछे बैठे थे। रास्ते में कुछ अज्ञात बदमाशों ने बाइक को रोक लिया और अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
पहली गोली राणा को लगी, जिससे दोनों मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावरों ने छह–सात राउंड और फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद दोनों को स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर शुक्रवार सुबह उन्हें एसएसकेएम अस्पताल रेफर किया गया। सूत्रों के अनुसार, मंडल को कंधे और पेट में गोली लगी है। घटना के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी शुरू हो गई है। स्थानीय टीएमसी नेताओं ने आरोप लगाया है कि भाजपा समर्थित बदमाशों ने हमला किया है। वहीं भाजपा ने इसे तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रहे तीखे गुटबाज़ी का नतीजा बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस राजनीतिक रंजिश और व्यक्तिगत दुश्मनी—दोनों कोणों से जांच कर रही है। हमलावर अब तक फरार हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडल क्षेत्र के प्रभावशाली नेता थे, जिसकी वजह से उनकी कई लोगों से दुश्मनी हो गई थी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

