कोलकाता 30 नवंबर (आरएनएस)। आमतौर पर अपराधी डाल-डाल होते हैं तो पुलिस पात-पात होती है। देश में चर्चित कफ सिरप मामले में पुलिस ने कफ सिरप डॉन कहे जाने वाले शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि भोला प्रसाद थाईलैंड भागने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही उसे पुलिस ने पकड़ लिया। इस मामले में ये दूसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले एसटीएफ ने शुभम जायसवाल के सहयोगी अमित सिंह टाटा को लखनऊ से गिरफ्तार किया था। अमित सिंह टाटा ने पूछताछ में कोडीन युक्त कफ सिरप रैकेट के संचालन को लेकर कई राज उगले हैं। पुलिस अब भोला प्रसाद से पूछताछ करेगी और फरार बेटे के बारे में जानकारी इक_ा करेगी। मामले में फरार चल रहे शुभम जायसवाल को लेकर चर्चा है कि वो गिरफ्तारी के डर से देश छोड़ चुका है। उसके दुबई भाग जाने की आशंका है। विदेश भागने की जानकारी तब सामने आई जब गाजियाबाद पुलिस ने शुभम के लोकेशन के बारे में जानकारी इक_ा की। पता चला है कि शुभम 5 नवंबर को रांची से कोलकाता गया और वहां से उसने दुबई के लिए उड़ान भरी। चर्चा है कि शुभम के साथ उसका परिवार और दोनों पार्टनर गौरव जायसवाल और वरुण सिंह भी दुबई में छिपे हैं। कफ सिरप की अवैध तस्करी के संगठित रैकेट पर पुलिस ने यूपी के वाराणसी कोतवाली में पहली एफआईआर दर्ज की है। इस एफआईआर में शुभम जायसवाल और उसके पिता भोला प्रसाद सहित कुल 28 लोगों के नाम शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, एफआईआर दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी शुभम जायसवाल भाग खड़ा हुआ। इधर कफ सिरप सिंडिकेट में गिरफ्तार अमित टाटा ने पुलिस पूछताछ में कई राज उगले हैं। अमित टाटा ने कबूला है कि फर्जी फर्मों के सहारे करोड़ों रुपए की कीमत के कफ सिरप मंगवाए गए और उसे तस्करी करके बांग्लादेश भेजा गया है। करीब 100 फर्मों के जरिए पूरा सिंडिकेट चल रहा था। अमित टाटा के मुताबिक गाजियाबाद में गैंग मेंबर विभोर राणा की गिरफ्तारी के बाद ही शुभम फरार हो गया था।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

