रायपुर 30 नवंबर 2025(आरएनएस) में आयोजित पुलिस महानिदेशकों/महानिरीक्षकों के 60वें अखिल भारतीय सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए प्रधानमंत्री ने पुलिस के प्रति जनता की धारणा बदलने, युवाओं तक पहुंच बढ़ाने, शहरी व पर्यटन पुलिसिंग को मजबूत बनाने और नए आपराधिक कानूनों की जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने प्रौद्योगिकी, एआई और राष्ट्रीय खुफिया ग्रिड के व्यापक उपयोग के साथ ही द्वीप व तटीय सुरक्षा तथा फोरेंसिक आधारित जांच में नवाचार की आवश्यकता रेखांकित की।

सम्मेलन में राष्ट्रीय सुरक्षा प्राथमिकताओं पर विस्तृत मंथन हुआ, जिसमें ‘विजन 2047’ पुलिस रोडमैप, आतंकरोधी रुझान, महिला सुरक्षा, भगोड़ों की ट्रैकिंग और फोरेंसिक सुधार शामिल रहे। प्रधानमंत्री ने आपदाओं से निपटने में बेहतर तैयारी और समन्वित प्रतिक्रिया पर बल देते हुए चक्रवात, बाढ़ और प्राकृतिक आपात स्थितियों के लिए सरकार के समग्र दृष्टिकोण को अपनाने की जरूरत बताई।
उन्होंने पुलिस नेतृत्व से विकसित भारत की राष्ट्रीय सोच के अनुरूप पुलिसिंग में आधुनिकीकरण व सुधार तेज करने का आग्रह किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को नए शहरी पुलिसिंग अवॉर्ड से सम्मानित किया।



















