समयबद्धता और पारदर्शिता बढ़ाने सरकार का बड़ा कदम
रायपुर 1 दिसंबर 2025(आरएनएस) छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक कार्यकुशलता और समय की पाबंदी सुनिश्चित करने के लिए एक दिसंबर से ऑनलाइन बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू कर दिया है। अब नवा रायपुर स्थित मंत्रालय के साथ-साथ सभी संचालनालयों और विभागाध्यक्ष कार्यालयों में भी अधिकारी-कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से इसी माध्यम से उपस्थिति दर्ज करनी होगी।
सरकार का मानना है कि मैनुअल उपस्थिति व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी रहती थी, इसलिए इसे बदलते हुए अब पूर्णतः डिजिटल अटेंडेंस प्रणाली अपनाई गई है। नए नियमों के तहत सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय पर बायोमैट्रिक मशीन में अपनी उपस्थिति दर्ज करना आवश्यक होगा और अनुपालन में लापरवाही पर कार्रवाई भी की जा सकती है।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था कर्मचारी अनुशासन, जवाबदेही और कार्यस्थल पर वास्तविक उपस्थिति को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


















