लखनऊ 1 दिसंबर (आरएनएस )। शांति नगर स्थित क्रिएटिव स्कूल के पीछे एक मकान में किराए पर रहने वाले छात्र ने सोमवार की सुबह आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिव्यांशु राज (आयु लगभग 19 वर्ष), निवासी लालपुर बाजार, थाना लहरपुर, जिला सीतापुर, अपने भाई अर्पित राज के साथ पिछले लगभग 8–10 वर्षों से शांति नगर इलाके में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रहा था। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे दिव्यांशु ने कमरे में पंखे से चादर बांधकर फांसी लगा ली। हालत बिगडऩे पर सहवासियों ने उसे तुरंत सीएचसी सरोजिनी नगर पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची और जांच-पड़ताल की। मृतक का पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

