लखनऊ 1 दिसंबर (आरएनएस ) कमिश्नरेट के मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना महानगर की पिंक बूथ 79 टीम ने न्यू हैदराबाद पिंक बूथ के पास महिलाओं और स्कूली बच्चों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें महिला अपराध, साइबर क्राइम और यातायात सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।यह जागरूकता कार्यक्रम 01 दिसंबर 2025 को आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में लखनऊ कमिश्नरेट के सभी 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जहां निरीक्षक, अतिरिक्त निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक की तैनाती की गई है। इन केंद्रों पर आने वाली महिलाओं की समस्याओं का तुरंत और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।कार्यक्रम में महिला हे0का0 अंजली यादव और महिला का0 सुनीता कुमारी ने प्रतिभागियों को अपराध से बचाव, साइबर सुरक्षा, सीईआईआर पोर्टल और यूपी कॉप ऐप के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। करीब 20 से 25 महिलाओं और बच्चों ने कार्यक्रम में भाग लिया। प्रतिभागियों को 1090, 112, 108, 1098 और 1076 जैसी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं की पूरी जानकारी दी गई ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।जागरूकता सत्र के दौरान बताया गया कि अपराध से डरना समाधान नहीं है। यदि कोई परेशानी हो या कोई व्यक्ति उत्पीडऩ कर रहा हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पिंक बूथ और पुलिस टीम हर समय सहायता के लिए उपलब्ध हैं और 1090 पर कॉल करने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाती है। बच्चों और महिलाओं को आत्मनिर्भर और सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।मिशन शक्ति 5.0 के तहत स्थापित पिंक बूथों का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित, संवेदनशील और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। इन बूथों के माध्यम से तत्काल कार्रवाई, जागरूकता, साइबर सुरक्षा और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें और निडर होकर पुलिस से संपर्क करने का आत्मविश्वास विकसित कर सकें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

