—- लेप्टोस्पायरोसिस की पुष्टि, गांव में मेडिकल कैम्प, एहतियातन एम्बुलेंस तैनात।
—- विभिन्न मीडिया, समाचार पत्रों में 98 बच्चों को बुखार से ग्रसित होने की खबर की पुष्टि नहीं।
कुशीनगर, 01 दिसंबर (आरएनएस)। जनपद के खड्डा तहसील क्षेत्र के ग्राम ढोलहा के गुलहरिया गांव में बीते दिनों बुखार से तीन मासूम बच्चों की मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने डीआईजी एसएस चिनप्पा, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के साथ गांव में पीडि़त परिवार से मिलकर गांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा बीमारी से निपटने के लिए किए गए जरुरी इंतजाम तथा साफ सफाई का बारीकी से जांच कर उपस्थित ग्रामीणों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित टीम द्वारा लगाए गए कैम्प में स्वास्थ्य परीक्षण व गांव में फैली बीमारी के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी हासिल करने के बाद मौके पर उपस्थित जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को टीम गठित करा कर इस बीमारी से ग्रसित अन्य स्थानों पर चिकित्सिक कैम्प लगवा जांच कराने एवं आवश्यक इंतजाम करायें जाने के निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने आयुक्त को अवगत कराया कि सूचना मिलते ही मेडिकल टीम गांव पहुंची और 731 ग्रामीणों की घर-घर जाकर जांच की गई। डेंगू, मलेरिया एवं टायफाइड की रैपिड जांच की गई। जिसमें कोई भी पॉजिटिव केस नहीं मिला। साथ ही 18 बच्चों के रक्त सैंपल जांच के लिए गोरखपुर भेजे गए हैं। जिनकी रिपोर्ट अभी आना शेष है। सीएमओ ने बताया कि मृत बच्चों में से एक बच्ची खुशी के रक्त परीक्षण में लेप्टोस्पायरोसिस बीमारी की पुष्टि हुई है। इसी को देखते हुए गांव में मेडिकल किट का वितरण किया जा रहा है। वर्तमान में बुखार से पीडि़त सभी बच्चे सामान्य स्थिति में हैं। तीन बच्चों का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में चल रहा है।
गांव में फिलहाल 24 घंटे तीन शिफ्टों में डॉक्टरों की ड्यूटी, एक एम्बुलेंस की तैनाती, एंटी-लार्वा स्प्रे और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया गया है। लेप्टोस्पायरोसिस बीमारी के पशुओं से फैलने की संभावना को देखते हुए पशुपालन एवं कृषि विभाग का भी सहयोग लिया जा रहा है। मंडलायुक्त ने स्थिति को अत्यंत गंभीर मानते हुए सीएमओ सहित सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता रखने, किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और सभी आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त आस पास के ग्रामों में भी इस प्रकार की घटना न हो इसके लिये चिकित्सा विभाग को विशेष रूप से हिदायत दी गई। इस दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति हेतु सीएमओ द्वारा हेल्प लाइन नम्बर से संपर्क किये जाने की अपेक्षा की गई। विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित 98 बच्चों के पीडि़त होने के सम्बंध में पूछ ताछ के दौरान भ्रामक एवं झूठी खबर की पुष्टि होने पर जिला प्रशासन द्वारा खंडन करने तथा सही सूचना प्रकाशित करने के निर्देश दिए गए।
श्री ढींगरा द्वारा निरीक्षण के उपरांत नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक में सभी उच्च अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक कर सभी विषयों पर समीक्षा कर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
इस दौरान पर मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी खड्डा समेत सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इनसेट– धान क्रय केंद्र बंद मिलने पर नाराजगी, जांच का दिया आदेश– इस दौरान आयुक्त ने तहसील खड्डा के ग्राम शीतलापुर स्थित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केन्द्र बंद मिला। इस पर आयुक्त ने संबंधित तहसीलदार को क्रय केंद्र सील कराकर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिया।
इनसेट– बूथ 309 पर एसएआर कार्यों की समीक्षा–
बूथ संख्या 309 (पूर्व का 257) पर चल रहे एस आई आर कार्यों की भी समीक्षा की। बीएलओ द्वारा बताया गया कि 799 मतदाताओं में से 659 का फॉर्म डीजीटॉयज कार्य पूरा किया जा चुका है। बीएलओ ऐप्प प्रक्रिया का निरीक्षण किया। जिसमें एक मिनट में एक आवेदन ऑनलाइन किया जा रहा था।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

