देहरादून 1 दिसंबर (आरएनएस)। एचआईवी-एड्स जैसी चुनौतीपूर्ण बीमारी के प्रति जागरूकता और रोकथाम के लिए उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, स्वास्थ्य विभाग, राज्य सरकार ने सोमवार को दून में राज्य स्तरीय जागरूकता रैली का आयोजन किया। इस रैली से समाज के हर वर्ग तक यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि एचआईवी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है सही जानकारी और समय पर जांच। इस वर्ष विश्व एड्स दिवस के लिए नाको, भारत सरकार द्वारा दी गई थीम के संदेश को समाज तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए गांधी पार्क से जागरूकता रैली का शुभारंभ हुआ। अपर परियोजना निदेशक डॉ. अमित शुक्ला, उप निदेशक (वित्त) महेंद्र कुमार, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी एवं यूथ रेडक्रॉस समिति से डॉ. अनिल वर्मा, अनिल सती ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली गांधी पार्क से घंटाघर, दर्शनलाल चौक, दून चौक, बुद्धा चौक, परेड ग्राउंड से होते हुए गांधी पार्क में सम्पन्न हुई। छात्र, सामाजिक संगठन के स्वयंसेवियों और नागरिकों ने एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने वाले नारे, पोस्टर और बैनर के माध्यम से जनसंदेश दिया। लोगों को सुरक्षित व्यवहार, संक्रमण के कारणों और उपलब्ध उपचार के बारे में जानकारी देते हुए प्रतिभागियों ने समाज को वैज्ञानिक तथ्यों से अवगत कराया। समापन पर अपर परियोजना निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने कहा कि उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति का मुख्य लक्ष्य है एचआईवी-एड्स से संबंधित सभी सेवाएं प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा प्रदेशभर में एआरटी सेंटर, आईसीटीसी, जागरूकता कार्यक्रम, नि:शुल्क परीक्षण और उपचार की सुविधाएं संचालित हैं, जिनका लाभ हजारों लोग नियमित रूप से ले रहे हैं। इस राज्य स्तरीय जागरूकता रैली में देहरादून जिले के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों भारत स्काउट एवं गाइड, नर्सिंग कॉलेजों, एनएसएस इकाइयों, व्यावसायिक कॉलेजों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

