देहरादून 1 दिसंबर (आरएनएस)। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सोमवार को डोईवाला से ऋषिकेश तक विभिन्न कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सौंदर्यीकरण कार्यों और अन्य योजनाओं की कार्यप्रगति का जायजा लिया। उपाध्यक्ष ने प्राधिकरण की ओर से करवाए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने डोईवाला में एमडीडीए द्वारा विकसित किए जा रहे आधुनिक पार्क का निरीक्षण किया। जहां पहाड़ी शैली में बनाए गए म्यूरल्स, सेल्फी प्वाइंट, घास पेंटिंग और देवी-देवताओं के चित्रों की गुणवत्ता की समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कलात्मक निर्माण उच्च मानकों के अनुरूप होने चाहिए। उपाध्यक्ष ने नगर पालिका द्वारा निर्मित मोक्ष धाम का भी निरीक्षण किया और वहां प्राधिकरण स्तर से होने वाले कार्यों की भूमिगत संरचना, सौंदर्यीकरण और उपयोगी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मोक्ष धाम एक संवेदनशील स्थान है, जहां सुविधाओं का उन्नयन सबसे उच्च स्तर की गुणवत्ता के साथ होना चाहिए। ऋषिकेश में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग और कार्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण सामग्री, संरचना की मजबूती, साइट प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की। उन्होंने अधिकारियों, अभियंताओं और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि कार्य समयबद्ध पूरा किया जाए। निर्माण में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करें और स्थल पर सुरक्षा मानकों का पूरी तत्परता से पालन किया जाए। उपाध्यक्ष ने ऋषिकेश कैम्प कार्यालय का भी अवलोकन किया। यहां उन्होंने कार्यालय व्यवस्था, दस्तावेज प्रबंधन, परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट और जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई, फील्ड विजिट की गति बढ़ाई जाए और सभी निर्माण कार्यों की रिपोर्टिंग नियमित रूप से प्राधिकरण मुख्यालय को भेजी जाए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता सुनील उप्रेती, उद्यान अधीक्षक भानुप्रिया, उसमान अली और अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

