देहरादून 1 दिसंबर (आरएनएस)। उत्तराखंड पहाड़ी महासभा ने आंगनबाड़ी केंद्र से अप्रैल, मई व जून माह का पोषाहार राशन न मिलने पर रोष जताया है। दावा किया कि फोन में राशन वितरण की सूचना प्राप्त हो रही है। उन्होंने इस संबंध में कार्रवाई के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को पत्र लिखा है। महासभा की महासचिव गीता बिष्ट ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र से छह माह से तीन वर्ष के बच्चों व गर्भवती महिलाओं को अप्रैल, मई व जून माह का पोषाहार राशन एक दिसंबर तक नहीं मिला। इस साल जुलाई, अगस्त व सितंबर का पोषाहार राशन सितंबर में वितरित किया गया था। लेकिन तीन माह का पोषाहार राशन अभी तक बच्चों व गर्भवती महिलाओं नहीं मिला। उन्होंने बताया कुछ महिलाओं व बच्चों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर राशन वितरण की सूचना मिली है। इसके बाद गर्भवती महिलाओं व परिजनों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री को बताया कि उन्हें राशन नहीं मिला है और फोन पर राशन वितरण की सूचना मिली है। उत्तराखंड पहाड़ी महासभा ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को तत्काल तीन माह का पोषाहार राशन वितरण करवाने के लिए कहा। नहीं तो वह लोग घेराव करने को मजबूर होंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

