*दहशत कायम करने के लिए मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया था वायरल
मीरजापुर। सोशल मीडिया के इस दौर में हाईलाइट होने की सनक युवाओं को अपराध की राह पर ले जा रही है। ऐसा ही एक मामला मीरजापुर जिले का सामने आया है जहां पुलिस ने वायरल हो रहें वीडियो का संज्ञान लेकर युवक को सलाखों के पीछे खड़ा कर दिया है। बताते चलें कि पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था जिसमें एक युवक दूसरे युवक की पिटाई करते हुए नजऱ आ रहा है, वीडियो में सुनाई दे रहा है कि पिटाई का यह वीडियो दूसरे युवक से बनवाया जा रहा है, ताकि लोगों में दहशत बने। बाद में पुलिस ने छानबीन की तो युवक की पिटाई करने वाला युवक थाना लालगंज क्षेत्र का निकला जिसे पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।ज्ञातव्य हो कि 1 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर थाना लालगंज क्षेत्र से सम्बन्धित एक मारपीट की घटना का वीडियो प्रसारित हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मीरजापुर सोमेन बर्मा द्वारा वॉयरल वीडियो का त्वरित संज्ञान लेकर घटना की जांच कर युवक की यथाशीघ्र गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक लालगंज को निर्देशित किया गया था। उक्त निर्देश के क्रम में थाना लालगंज पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना लालगंज पर वादी राधेश्याम दूबे पुत्र रामदत्त दूबे निवासी अकसौली थाना पडऱी जनपद मीरजापुर की प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला पंजीकृत किया गया। पंजीकृत उपरोक्त अभियोग में सुरागरसी व अग्रिम विवेचनात्मक कार्यवाही के क्रम में जितेन्द्र उर्फ मुन्ना त्रिपाठी पुत्र कृष्णदत्त निवासी गम्भीरापुर थाना लालगंज को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

