नईदिल्ली,04 दिसंबर (आरएनएस)। देश की सबसे बड़ी और किफायती एयरलाइन इंडिगो इस समय मुश्किल हालात का सामना कर रही है। लगतार उड़ानें रद्द होने से यात्री परेशान हो गए हैं। गुरुवार तड़के दिल्ली से रवाना होने वाली 30 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं और हैदराबाद में भी लगभग 33 उड़ानें रद्द हुईं हैं। मुंबई हवाई अड्डे पर भी यही हाल है। नवंबर में भी एयरलाइन का प्रदर्शन अच्छा नहीं था, जिसको लेकर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने नोटिस भी भेजा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद के हवाई अड्डों पर कुल 200 उड़ानें रद्द होने की सूचना थी। गुरुवार को भी इंडिगो की 170 से अधिक उड़ानों के रद्द होने की संभावना है। डीजीसीए ने मामले का संज्ञान लेते हुए इंडिगो से लगातार उड़ानें रद्द होने का कारण पूछा है। विमानन नियामक ने मामले पर तब गौर किया, जब एक दिन में दिल्ली में 38, मुंबई में 33 और अहमदाबाद में 14 उड़ानें रद्द हुईं।
डीजीसीए ने इंडिगो की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी से बताया कि नवंबर में कुल एयरलाइंस ने कुल 1,232 उड़ानें रद्द की है। इनमें 755 उड़ानें चालक दल के सदस्य और फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल) की बाध्यताओं के कारण रद्द हुईं हैं। डीजीसीए के मुताबिक, 258 उड़ानें हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण, 92 उड़ानें एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की विफलता के कारण और 127 उड़ानें अन्य कारणों से रद्द हुईं है।
डीजीसीए ने एयरलाइन के खराब प्रदर्शन को देखते हुए उनके अधिकारियों को गुरुवार को बातचीत के लिए बुलाया है। डीजीसीए ने कहा कि इंडिगो की उड़ानों के साथ क्या समस्या है, उसकी जांच की जा रही है। उसने एयरलाइन को वर्तमान स्थिति के कारण, उड़ान रद्द कम करने और देरी कम करने की योजना भी पेश करने को कहा है। एयरलाइन का समग्र समय पर प्रदर्शन (ओटीपी) नवंबर में 67.7 प्रतिशत रहा, जबकि अक्टूबर में यह 84.1 प्रतिशत था।
इंडिगो ने उड़ानों के रद्द होने पर अपना बयान जारी कर कहा, छोटी-मोटी तकनीकी गड़बडिय़ां, सर्दियों के मौसम से संबंधित शेड्यूल में बदलाव, प्रतिकूल मौसम की स्थिति, विमानन प्रणाली में भीड़भाड़ में वृद्धि और अद्यतन चालक दल सदस्य रोस्टरिंग नियमों यानी एफडीटीएल के कार्यान्वयन सहित कई चुनौतियों ने परिचालन पर नकारात्मक प्रभाव डाला, जिसका अनुमान लगाना संभव नहीं था। इंडिगो ने कहा कि वह व्यवधान को नियंत्रित करने और स्थिरता बहाल करने के लिए काम कर रही है।
इंडिगो 90 घरेलू और 40 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ान सेवाएं देती है और रोजाना 2,200 उड़ानें संचालित करती है। इस समस्या का बड़ा कारण चालक दल और खासकर पायलट की कमी है, जो नवंबर में संशोधित एफडीटीएल नियमों के लागू होने से पैदा हुई है। संशोधित नियम के तहत स्टाफ को अधिक आराम देना है, इसलिए ड्यूटी का संतुलन नहीं बैठ पा रहा। एफडीटीएल संशोधित नियम का पहला चरण जुलाई और दूसरा चरण 1 नवंबर से लागू हुआ है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

