लखनऊ 4 दिसंबर (आरएनएस ) पुलिस कमिश्नरेट के पूर्वी जोन की क्राइम/सर्विलांस टीम और इंदिरानगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद वस्तुओं में महंगे कैमरे, लैपटॉप, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, विदेशी मुद्रा, परफ्यूम और नकदी शामिल है।घटना का खुलासा उस समय हुआ जब 13 अक्टूबर 2025 को अब्दुलअज़ीज अहमद मोहम्मद, जो मूल रूप से यमन के रहने वाले हैं और इंदिरानगर सेक्टर-10 में रह रहे हैं, ने घर का ताला तोड़कर की गई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और मुखबिर की सूचना पर 4 दिसंबर की रात माही मेडिकल सर्विस लेन के पास से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों के नाम विकास निगम, नीरज वर्मा, मोहित अवस्थी उर्फ कालिया और संजय कश्यप हैं, जो सभी ऑटो चलाने का काम करते हैं और इसी दौरान बंद घरों की पहचान कर चोरी को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके पास से चोरी गया सामान और गाजीपुर थाने के एक अन्य केस से संबंधित दो लैपटॉप व एक मोबाइल भी बरामद किया है।
बरामद सामान में कैनन कंपनी का कैमरा, वन प्लस नेकबैंड, बोट हेडफोन, विदेशी नोट और सिक्का, तीन बैग, परफ्यूम की कई बोतलें, 4250 रुपये नकद, ॥क्क कंपनी के दो लैपटॉप और वीवो कंपनी का मोबाइल शामिल है। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। संजय कश्यप के खिलाफ पहले से ही बलात्कार और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज है।पुलिस टीम ने तत्परता और तकनीकी प्रयासों से इस चोरी के मामले का सफल अनावरण कर एक सक्रिय गैंग को पकड़ा है। बाकी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

