लखनऊ 4 दिसंबर (आरएनएस )। राजधानी में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं के खिलाफ गुरुवार को महापौर सुषमा खर्कवाल पूर्ण एक्शन मोड में दिखीं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद महापौर स्वयं नगर निगम और ईटीएफ टीम के साथ गुडंबा थाना क्षेत्र के शंकरपुरवा प्रथम वार्ड के बहादुरपुर पहुंचीं, जहां बड़ी संख्या में अवैध झुग्गियां डालकर रह रहे लोगों की मौजूदगी पाई गई।महापौर के काफिले के पहुंचते ही कई संदिग्ध युवक वहां से भाग निकले, जबकि कुछ महिलाएं झोपडिय़ों में छिप गईं। महापौर ने टीम के माध्यम से आधार कार्ड, एनआरसी दस्तावेज़ और अन्य वैध पहचान पत्र मांगे, लेकिन अधिकांश लोग कोई वैध दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर महापौर ने मौके पर ही सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।जांच के दौरान नगर निगम और ईटीएफ टीम ने क्षेत्र में खड़ी 50 अवैध ठेलियों को जप्त कर लिया। अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, जोनल सेनेटरी अधिकारी अजीत राय सहित नगर निगम और ईटीएफ अधिकारी कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जप्त ठेलियों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।इसी क्रम में अवैध रूप से कूड़ा ढोने में उपयोग की जा रही दो टाटा मैजिक वाहनों को भी कब्जे में ले लिया गया। महापौर ने अधिकारियों को इन वाहनों पर भारी जुर्माना लगाने तथा इस तरह की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के आदेश दिए।महापौर ने बिजली विभाग के एसडीओ को भी मौके पर बुलाकर क्षेत्र में लगे सभी अवैध बिजली कनेक्शनों को तत्काल काटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति के बिजली उपयोग न केवल अवैध है, बल्कि सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी पैदा करता है।कार्रवाई के दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल ने अवैध बांग्लादेशियों तथा रोहिंग्याओं को स्पष्ट चेतावनी दी कि उन्हें केवल 15 दिन का समय दिया जा रहा है। इस अवधि में यदि वे वैध दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं करते, तो उन्हें क्षेत्र पूरी तरह खाली करना होगा। उन्होंने कहा कि लखनऊ में बिना पहचान और बिना अनुमति किसी विदेशी को रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी।महापौर ने अधिकारियों को आने वाले 15 दिनों तक क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने और नियमित जांच अभियान चलाने को कहा, ताकि ऐसे लोग दोबारा यहां बसने न पाएं। स्थानीय नागरिकों ने महापौर की इस सख्त कार्रवाई की सराहना की और कहा कि इससे क्षेत्र की सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्था में सुधार होगा। महापौर ने कहा कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

