स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिसम्बर माह में मना रहे टीका उत्सव
प्रयागराज 4 दिसंबर (आरएनएस )। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिसम्बर माह में टीका उत्सव मनाया जा रहा है। इसके अन्तर्गत टीकाकरण से छूटे बच्चों की सूची तैयार कर सत्र लगाकर बच्चों का टीकाकरण पूर्ण किया जाएगा। कार्यक्रम को प्रभावी बनाने और शत्-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण पूर्ण करने के लिए जनपद स्तर पर बैठक कर कार्ययोजना तैयार कर लिया गया है। अभियान के अन्तर्गत आशा और एएनएम अपने-अपने क्षेत्रों का सर्वे कर टीकाकरण से छूटे बच्चों की सूची तैयार करेंगी। विभाग की ओर से नियमित टीकाकरण दिवस पर सत्र लगाकर बच्चों का टीकाकरण पूर्ण कराया जाएगा। इस अभियान के दौरान पेन्टा-1, एम0आर0-1, एम0आर0-2 और डी0पी0टी0 बूस्टर-2 खुराक से छूटे बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर प्रतिरक्षित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 अरूण कुमार तिवारी ने बताया कि टीका उत्सव की सभी गतिविधियां यूविन पोर्टल के माध्यम से कराई जाएगी। सत्र आयोजन से पूर्व लोगों को बच्चों का टीकाकारण करने के लिए जागरूक भी किया जाएगा। पूर्व में पंजीकृत सभी बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण आधुनान्त किया जाएगा और अपंजीकृत बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को भी पंजीकृत करते हुए उनका टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 प्रमोद कुमार ने बताया कि टीकाकरण सत्र के दौरान एनफाइलेक्सिस किट और पैरासिटामॉल सिरप की उपलब्धता एवं वितरण किया जाएगा। टीकाकरण की नियमित रिपोर्ट एच0एम0आई0एस0 पोर्टल पर भी दर्ज की जाएगी। बच्चों का शत्-प्रतिशत टीकाकरण पूर्ण करने के लिए सहयोगी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा। साथ ही आम जन मानस से अनुरोध है कि उक्त अभियान में क्षेत्रीय ए0एन0एम0 एवं आशा का सहयोग करें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

