आजमगढ़ 4 दिसंबर (आरएनएस) विकास खंड पल्हना के बीडीओ कार्यालय परिसर में मंगलवार शाम करीब 6 बजे हंगामा मच गया, जब तीन स्थानीय व्यक्तियों ने ग्राम विकास अधिकारी (जीओ) अखिलेश यादव के साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने इस दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और सरकारी कागजात फेंककर नष्ट कर दिए।बीडीओ राम सुमिरन यादव द्वारा थाना देवगाँव को लिखे गए पत्र के अनुसार, 3 दिसंबर को अखिलेश यादव अपनी तैनाती वाली ग्राम पंचायतों में एसआईआर का काम निपटा कर शाम 6 बजे मीटिंग के लिए बीडीओ कार्यालय पहुंचे थे। तभी ग्राम नरसिंहपुर के नीरज सिंह, दुर्गविजय सिंह और अभयप्रताप सिंह वहां आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने कहा कि वे तीन-चार दिन में गोली मार देंगे।घटना के तुरंत बाद अखिलेश यादव ने बीडीओ को लिखित शिकायत दी। इसके बाद बीडीओ ने थाना देवगाँव को पत्र लिखकर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, सरकारी काम में बाधा और आपराधिक धमकी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का अनुरोध किया। पत्र में बीडीओ ने यह भी उल्लेख किया कि ग्राम विकास अधिकारी अब ब्लॉक में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं और भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी आरोपियों की होगी।थाना देवगाँव पुलिस ने बीडीओ के पत्र के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

