भिलाई, 05 दिसंबर (आरएनएस)। रिश्तों को तार-तार करने वाली एक शर्मनाक वारदात पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पुरैना में सामने आई है। यहाँ घरेलू और आपसी रंजिश के चलते छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर हसिए से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। यह घटना गुरुवार (4 दिसंबर) की शाम को हुई। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
= सुबह से था विवाद=
मृतक राजू निर्मलकर के साले सुखदेव सिंह ने पुलिस को बताया कि राजू एक ठेका मजदूर था, जबकि उसका छोटा भाई कोई काम नहीं करता था। शुक्रवार की सुबह से ही दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस चल रही थी। विवाद इतना बढ़ गया था कि सुबह दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला करने की कोशिश की थी, जिसे मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया था।
= पैर में गंभीर चोट, मौत=
हालांकि, शाम को यह विवाद फिर से भड़क उठा। आक्रोशित छोटे भाई ने अपनी पत्नी से हसिया मँगवाया और बड़े भाई राजू निर्मलकर पर अंधाधुंध हमला कर दिया। हसिए के वार से राजू के पैरों में गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसका बहुत सारा खून बह गया।
शोर सुनकर जब परिजन और मोहल्ले वाले मौके पर पहुँचे, तब तक स्थिति बिगड़ चुकी थी। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से राजू को सुपेला अस्पताल पहुँचाया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसकी मौत
हो चुकी थी।
= आरोपी हिरासत में=
पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी छोटे भाई और उसे हथियार उपलब्ध कराने वाली उसकी पत्नी दोनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे घटना के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। मृतक राजू निर्मलकर के शव को सुपेला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है, जिसका पोस्टमार्टम आज किया जाएगा।
0000

